करनाल। भाजपा कार्यालय कर्ण कमल में शनिवार को केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल के सान्निध्य में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। इस दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों, संगठन विस्तार एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही जनसेवा की वास्तविक आधारशिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और जनसंपर्क अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाकर समाज के हर वर्ग तक पहुंच सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैठक में सक्रिय सहभागिता करते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि संगठन की मजबूती और जनसेवा एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक अभियान जनता से सीधे जुड़ाव और विकास के संकल्प को और अधिक मजबूत करता है।महापौर ने संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियानों और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने पर बल देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही सर्वांगीण विकास की दिशा को और सशक्त बनाया जा सकता है।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, जिला उपाध्यक्ष प्रियंका काठपाल, पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता सहित सभी मंडल अध्यक्ष, जिला सचिव, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
