करनाल। शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल से करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता ने आत्मीय भेंट की। इस दौरान उन्होंने संगठन एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुलाकात के दौरान नगर विकास, जनसेवा तथा संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने महापौर रेणु बाला गुप्ता से आत्मीय संवाद करते हुए जनसेवा के कार्यों को समर्पण, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ाने का संदेश दिया।महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का कुशल नेतृत्व, विकास के प्रति उनकी स्पष्ट सोच तथा कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय मार्गदर्शन सदैव नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से करनाल में जनहित एवं विकास के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा करनाल के जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर और भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक विचार साझा किए।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आत्मीय स्नेह, मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी विचारों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के लिए कार्यरत प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
