करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने चौधरी कॉलोनी स्थित अपने निवास पर पहुंचे हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन एडवोकेट अशोक कुमार सिरसी का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
महापौर रेणु बाला गुप्ता एवं बृज गुप्ता ने एडवोकेट अशोक कुमार सिरसी को हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, दूरदर्शी सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण से प्रदेश में पशुधन विकास, किसान कल्याण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति और दिशा मिलेगी।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा अशोक कुमार सिरसी जैसे अनुभवी, संवेदनशील और जनहित के प्रति प्रतिबद्ध व्यक्तित्व को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपना अत्यंत सराहनीय निर्णय है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि वे अपनी कार्यकुशलता एवं अनुभव के बल पर प्रदेश के पशुधन क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां स्थापित करते हुए किसानों और पशुपालकों के हितों को और अधिक सशक्त बनाएंगे।
इस अवसर पर हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन एडवोकेट अशोक कुमार सिरसी ने महापौर रेणु बाला गुप्ता एवं भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व एवं हरियाणा सरकार ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पशुधन विकास, किसानों के हितों की रक्षा तथा जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाना उनका संकल्प रहेगा।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए अशोक कुमार सिरसी के सफल, यशस्वी एवं जनहितकारी कार्यकाल की मंगलकामना की और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
