विकास कार्यों पर करीब 7.18 करोड़ रुपये होंगे खर्च, व्यापारियों, ग्राहकों एवं शहरवासियों को मिलेगा प्रत्यक्ष लाभ।
करनाल 25 जून,
करनाल नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र कर्ण कॉमर्शियल सेंटर (मुगल कैनाल) फेज-2 के व्यापक विकास का कार्य शुरू हो चुका है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत आधुनिक सडक़ निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, फुटपाथ, सीवरेज निकासी प्रणाली तथा पेयजल आपूर्ति नेटवर्क को विकसित किया जाएगा। इन सभी कार्यों पर लगभग 7 करोड़ 18 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
यह जानकारी उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने देते हुए बताया कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक सुगम बनाना है।
1100 मीटर लंबी सडक़, पार्किंग और फुटपाथ का होगा निर्माण।
निगमायुक्त ने बताया कि परियोजना के तहत पुरानी सब्जी मंडी पुलिया स्थित ए.एम.-पी.एम. स्टोर से सेक्टर-14 स्थित होंडा शोरूम तक लगभग 1100 मीटर लंबी बिटुमिन सडक़ का निर्माण किया जाएगा। सडक़ के एक ओर इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉकों से पार्किंग क्षेत्र विकसित किया जाएगा तथा चेकर टाइलों से सुसज्जित फुटपाथ बनाए जाएंगे। इन कार्यों पर लगभग 6 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत आएगी। वर्तमान में पुराने मलबे को हटाने एवं खुदाई का कार्य प्रगति पर है। इसके बाद मिट्टी भराई कर सडक़, पार्किंग एवं फुटपाथ निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
आधुनिक सीवरेज प्रणाली से मिलेगी बेहतर निकासी सुविधा।
उन्होंने बताया कि सीवरेज निकासी के स्थायी समाधान के लिए लगभग 1400 मीटर लंबी सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इस कार्य में 10 इंच, 12 इंच तथा 2 फुट व्यास की पाइपलाइनें डाली जाएंगी, जिससे पर्याप्त सीवेज की निकासी सुनिश्चित हो सकेगी। इस कार्य पर लगभग 58.72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा।
पेयजल आपूर्ति नेटवर्क होगा मजबूत।
सीवरेज कार्य पूर्ण होने के पश्चात लगभग 1100 मीटर लंबी एवं 4 इंच व्यास की नई वाटर सप्लाई लाइन बिछाई जाएगी। पेयजल आपूर्ति फेज-1 में स्थापित नलकूप से की जाएगी। इस कार्य पर लगभग 19 लाख रुपये की राशि खर्च होगी।
करनाल शहर को मिलेंगे अनेक लाभ।
निगमायुक्त ने बताया कि इस विकास परियोजना के पूरा होने से करनाल शहर विशेषकर कर्ण कॉमर्शियल सेंटर क्षेत्र के व्यापारियों, दुकानदारों, ग्राहकों एवं आम नागरिकों को अनेक लाभ प्राप्त होंगे।
उन्होंने बताया कि बेहतर एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध होगी। सडक़ की गुणवत्ता से आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनेगा। व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिलने से सडक़ पर होने वाला अव्यवस्थित पार्किंग दबाव कम होगा। फुटपाथ निर्माण से पैदल यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा बढ़ेगी। आधुनिक सीवरेज व्यवस्था से गंदे पानी की निकासी संबंधी समस्याओं का समाधान होगा। मजबूत पेयजल नेटवर्क से जलापूर्ति व्यवस्था अधिक सुचारू होगी। क्षेत्र की सुंदरता एवं स्वच्छता में सुधार होगा। व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्राहकों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। करनाल शहर की आधुनिक एवं स्मार्ट सिटी की दिशा में प्रगति को मजबूती मिलेगी।
व्यापारियों एवं नागरिकों को मिलेगी सुविधा।
निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम करनाल शहर के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। कर्ण कॉमर्शियल सेंटर फेज-2 का विकास कार्य पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र आधुनिक शहरी सुविधाओं से युक्त एक आदर्श व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित होगा, जिससे हजारों व्यापारियों, कर्मचारियों, ग्राहकों एवं शहरवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
