कुरुक्षेत्र, 26 जून।

जिला कांग्रेस कार्यालय, कुरुक्षेत्र में शुक्रवार को नवनियुक्त खंड अध्यक्षों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह, थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा तथा शाहाबाद विधायक रामकरण काला ने नवनियुक्त खंड अध्यक्षों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और उनका मुंह मीठा करवाया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह ने सभी नवनियुक्त खंड अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सफलता उसके मजबूत संगठन पर निर्भर करती है। कांग्रेस पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी समय में ग्रामीण और शहरी स्तर पर भी संगठनात्मक नियुक्तियां की जाएंगी तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ा जाएगा।उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं और केंद्र सरकार की नीतियों को जनता के सामने रख रहे हैं। ऐसे में जिला एवं खंड स्तर के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे गांवों और शहरों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएं तथा आमजन की आवाज बनें।मेवा सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने का अभियान चल रहा है। जिला और खंड अध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाना चाहिए।थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने नवनियुक्त खंड अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सभी धर्मों और जातियों को साथ लेकर जनहित की राजनीति की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने समाज में धर्म और जाति के आधार पर विभाजन की राजनीति को बढ़ावा दिया है, जो देशहित में उचित नहीं है।अशोक अरोड़ा ने हाल ही में राम मंदिर में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना से देश की जनता आहत है। उन्होंने कहा कि जिस मंदिर के निर्माण में देशवासियों ने अपना योगदान दिया, वहां चोरी की घटना होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। शाहाबाद विधायक रामकरण काला ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का अभिनंदन करते हुए आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *