बल्लभगढ़। सोहना रेलवे ओवर ब्रिज (सोहना आरओबी) को चार लेन बनाने का काम धीमी गति से चल रहा है। इसी गति से चलता रहा तो यह निर्धारित समय सीमा पर बनकर तैयार नहीं हो पाएगा। लोगों को लंबे समय तक जाम का सामना करना पड़ेगा।
सोहना आरओबी फिलहाल दो लेन बना हुआ है। यहां से औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-24, 25, 56, रिहायशी कालोनी सेक्टर-55, 22, 23, संजय कालोनी, गौंछी, सोहना से आने वाला दर्जनों गांव का ट्रैफिक निकलता है। आरओबी संकरा और वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण सुबह-शाम जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है।
जाम से छुटकारा दिलाने के लिए केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और विधायक मूलचंद शर्मा ने सोहना आरओबी को चार लेन बनाने की योजना सरकार से मंजूर कराकर यहां पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया।
यह 71 करोड़ रुपये की लागत से हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल निर्माण निगम बना रहा है। निर्माण को साइट पर चलते हुए करीब आठ महीने का समय बीत चुका है।
साइट पर पिलर बनाने का काम शुरू
सोहना आरओबी को बनाने का काम एटी कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही है। अभी तक यहां पर पिलर के लिए खोदाई करके नीचे फाउंडेशन का लोहे के सरियों का जाल बनाने काम चल रहा है। छह पिलर का काम चल रहा है। यह काम सेक्टर-24 की तरफ होता हुआ दिखाई दे रहा है।
पिलर के ऊपर रखे जाने वाले आई गाडर काफी संख्या में बनाकर तैयार किए जा चुके हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग की तरफ अभी सोहना पुल को चार लेन बनाने काम शुरू नहीं हो पाया है।
सोहना आरओबी को चार लेन बनाने का काम बहुत ही धीमी गति से चल रहा है। यदि इसी गति से बनाया गया तो इसे तैयार होने में कम से कम ढाई वर्ष का समय लगेगा। लोगों का आवागमन जल्दी से सुगम होने वाला दिखाई नहीं दे रहा।
–निर्मल गुप्ता, सेक्टर-55
हमने सोहना आरओबी को बनाने में एक मील का पत्थर प्राप्त कर लिया है। निर्माण कार्य को पूरी तरह से तेजी से किया जा रहा है। यह पहली साइट से पांच फुट ऊंचा बनाया जाएगा।
