बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ में मतदाता सूचियों काे लेकर चल रहे एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) पर काम तो हो रहा है, लेकिन 30 प्रतिशत बूथ ऐसे हैं, जहां पर मतदाताओं के घर ढूंढने में उनके पसीने छूट रहे हैं।

ऐसे में प्रशासन की ओर से उनकी मदद के लिए सहायक लगाए जा रहे हैं, ताकि गणना प्रपत्र बांटने और फिर वापस जमा करवाने का कार्य तय समय पर पूरा हो सके।

शहर के वे इलाके जहां पर आबादी का दबाव ज्यादा है और कामगार तबका अधिक रहता है या फिर जो इलाके शहर के छोर पर हैं, वहां पर मतदाताओं के घर बीएलओ को आसानी से नहीं मिल रहे हैं।

कुछ इलाके ऐसे भी हैं, जहां पर कॉलोनी से बूथ कहीं ज्यादा दूर हैं। ऐसी तमाम जगहों पर एसआईआर अभियान की रफ्तार अब मंद पड़ रही है।

हालांकि अधिकारियों की ओर से लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और रोजाना गंभीरता के साथ रिपोर्ट ली जा रही है, ताकि कहीं पर सुस्ती न आने पाए। बता दें कि बहादुरगढ़ में कुल 233 बूथ हैं। सभी पर काम चल रहा है।

बूथों पर बैठने के बजाय घर-घर जाकर प्रपत्र बांटने के निर्देश

बीएलओ को अधिकारियों की ओर से बूथ पर बैठने के बजाय घर-घर जाकर प्रपत्र बांटने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद कुछ जगहों पर बीएलओ के बूथों पर बैठकर यह कार्य करने की बात सामने आ रही है।

बताया जा रहा है कि ऐसे बीएलओ से जब कारण पूछा गया तो उनका जवाब था कि घर-घर गए थे, लेकिन गली में कुत्ते पीछे पड़ गए तो बूथ पर आना पड़ा।

अब यह सच्चाई है या बहाना, इसे तो बीएलओ ही जानें, मगर प्रशासनिक अधिकारियों का एक ही बात पर जोर है कि समूचा कार्य तय अवधि में पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ दुरुस्त तरीके से पूरा हो जाए।

बहादुरगढ़ के एसडीएम अभिनव सिवाच अभियान की शुरूआत में ही यह स्पष्ट तौर पर कह चुके हैं कि अगर कोई कर्मचारी अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतेगा तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *