बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के सिविल अस्पताल की हालत सुधारने के लिए काम शुरू हो गया है। इस कार्य पर छह करोड़ से ज्यादा की राशि खर्च होगी। पुराने भवन में सबसे पहले काम शुरू कराया गया है।

ताकि मानसून आने से पहले छत ठीक की जा सके। लंबे समय से यह कार्य शुरू होने का इंतजार था। दरअसल, अस्पताल प्रबंधन की सिफारिश पर विगत में लोक निर्माण विभाग ने सिविल अस्पताल के चारों ब्लाक को मिलाकर व्यापक सुधार के लिए छह करोड़ से ज्यादा का एस्टीमेट तैयार किया था।

इसको अस्पताल प्रबंधन की ओर से भेजा गया था। बाद में सरकार ने इसे मंजूर कर लिया। इस राशि से मेडिकल उपकरणों को छोड़कर बाकी सभी तरह के सुधार होने हैं। अब इस पर काम शुरू कर दिया गया है।

कई हिस्से हो चुके हैं बेहद जर्जर

सिविल अस्पताल के पुराने भवन के कई हिस्से तो बेहद जर्जर हो चुके हैं। छत से मलबा टूटकर गिर रहा है। पुराने इमरजेंसी वार्ड के मेन गेट के पास ही बने बरामदे में भी ऐसे ही हालात हैं।

इस पुराने भवन को बने हुए तीन दशक से ज्यादा समय हो चुका है। इस भवन में टीबी विभाग, आयुर्वेद, होम्योपैथी, योगा, एक्सरे, ईसीजी, इंजेक्शन रूम के अलावा अब पीपीपी मोड पर सीटी स्कैन की व्यवस्था भी यहीं पर है। यहां पर रोजाना सैकड़ों मरीज आते-जाते हैं।

पुराने भवन के गेट से होकर गैलरी डी ब्लाक भवन में चलने वाली ओपीडी तक जाती है। ऐसे में दूसरे हिस्सों में स्थित विभागों के मरीज भी पुराने भवन से ही होकर गुजरते हैं। जाहिर है कि ऐसी स्थिति में जब पुराना भवन जर्जर है तो खतरा भी रहता है।

ऐसे में सबसे पहले इसी हिस्से में सुधार कार्य शुरू किया गया है। अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. देवेंद्र मेघा ने बताया कि संबंधित विभाग को तय समय पर काम पूरा करने को कहा गया है।

अस्पताल में पुराने भवन की स्थिति को देखते हुए सबसे पहले यहां पर दीवारों पर टाइलें लगाने और छत को ठीक करने का काम किया जाएगा। बारिश में छत टपकने की शिकायत थी। इसलिए कोशिश है कि जल्द ही यह कार्य पूरा किया जाए।
-राजेश तोमर, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, बहादुरगढ़

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *