कुरुक्षेत्र, 23 जून। हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक में हरियाणा परिवार सुरक्षा न्याय (एचपीएसएन) की दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु-2) में संशोधन को मंजूरी प्रदान की गई। इस योजना से संबंधित योग्य मामलों को उपायुक्त कुरुक्षेत्र आगे बढ़ाकर पात्र उम्मीदवारों को योजना का लाभ दिलवाया जाए।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार मंगलवार को नये लघु सचिवालय में आयोजित लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में बोल रहे थे। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इस संशोधन पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि योजना में संशोधन के अनुसार दावा प्रस्तुत करने की अवधि का विस्तार तथा पूर्वव्यापी राहत देते हुए अब सभी भविष्य के दावों के लिए दावा भरने की अवधि को मृत्यु / विकलांगता की तारीख से 3 महीने से बढ़ाकर 6 महीने की गई है। आज तक दायर किए गए सभी दावों के लिए 3 महीने की पूर्वव्यापी छूट (यानी मृत्यु / विकलांगता की तारीख से 6 महीने तक) की अवधि होगी। इसके साथ ही स्तरीकृत विलालम्ब क्षमा तंत्र में अब भविष्य के सभी दावों के लिए निम्नानुसार प्रत्यायोजित शक्तियों के साथ एस स्तरित विलम्ब क्षमा तंत्र होगा।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि इसके तहत 6 महीने से अधिक और 7 महीने तक की देरी के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एचपीएसएन और 7 महीने से अधिक और 9 महीने तक की देरी के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव, वित्त विभाग तथा 9 महीने से अधिक और 12 महीने तक की देरी के लिए वित्त मंत्री को शक्तियां दी गई है। इस योजना में अब एक संरचित शिकायत निवारण तंत्र स्थापित किया जाएगा, जिसमें उपायुक्त (डीसी) क्षेत्र स्तर के अधिकारियों के रूप में कार्य करेंगे और मुख्यालय स्तर पर मौजूदा अधिकारियों को अतिरिक्त अ0सां0का0वि0 के जिला सांख्यिकीय अधिकारी जिला स्तर पर दयालु-1 योजना के नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।
इस बैठक में थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, शाहाबाद विधायक रामकरण, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, एसडीएम अमन कुमार, एसडीएम अनुभव मेहता, एसडीएम शंभू राठी, जिला परिषद सीईओ वीरेंद्र चौधरी, चेयरमैन रविंद्र सांगवान सहित लोक संपर्क व कष्ट निवारण समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।
