चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को हरियाणा भर में आयोजित होने वाले सरकारी कार्यक्रमों ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।
राज्य सरकार ने इन कार्यक्रमों के लिए मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की ड्यूटी लगाई है, लेकिन सबसे अधिक ध्यान उन पांच विधायकों पर केंद्रित है जिन्हें कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में पार्टी लाइन के खिलाफ मतदान करने के आरोप में निलंबित कर रखा है।
मुख्य अतिथि की सौंपी जिम्मेदारी
भाजपा सरकार ने इन पांचों कांग्रेस विधायकों को भी योग दिवस कार्यक्रमों में अतिथि के रूप में जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी, सढ़ोरा की विधायक रेणुबाला,
रतिया के विधायक जरनैल सिंह, पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास और हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल शामिल हैं। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि राज्यसभा चुनाव विवाद के बाद यह दूसरा बड़ा अवसर है जब कांग्रेस के इन बागी पांचों विधायकों को सरकार के आधिकारिक कार्यक्रमों में प्रमुखता से शामिल किया गया है।
