कुरुक्षेत्र, 18 जून। सीएमओ डा. सुखबीर ने कहा कि जून के महीने में बुखार आए तो नागरिक तुरंत डॉक्टर को चैकअप करवाएं। जून माह को राष्ट्रीय एंटी मलेरिया माह के रूप में मनाया जाता है। मानसून से पहले मच्छर जनित रोगों जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूकता को अपनाना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वीरवार को एंटी मलेरिया माह-2026 के अंतर्गत जिला मुख्यालय पर वेक्टर बोर्न डिजीज जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
सीएमओ डा. सुखबीर ने रैली को एलएनजेपी अस्पताल से नागरिकों को जागरूक करने के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले मच्छर जनित रोगों जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग नागरिकों को जागरूक करने के लिए कई प्रकार की गतिविधियों को चला रहा है। रैली निकालकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आशा वर्कर, एएनएम और नर्सिंग कॉलेज के छात्रों ने बैनर व तख्तियों के माध्यम से हर रविवार मच्छर पर वार, पानी इक_ा न होने दें जैसे संदेश दिए। रैली शहर के मुख्य बाजार, बस स्टैंड और रिहायशी इलाकों से होते हुए नागरिकों को घरों व आसपास पानी जमा न होने देने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने कहा कि कूलर, गमले, टायर, नारियल के खोल व छत पर पड़े कबाड़ में जमा साफ पानी में एडीज मच्छर पनपता है, जो डेंगू व चिकनगुनिया फैलता है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाएं और अपने संस्थान, कार्यालय व घरों के कूलर, पानी की टंकी को खाली करके जरुर सुखाएं। पूरी बाजू के कपड़े पहने और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि बुखार आने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में खून की जांच करवाएं। सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू-मलेरिया की जांच व इलाज नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि विभाग की टीमें घर-घर जाकर लार्वा जांच और फॉगिंग का कार्य भी कर रही हैं। बीमारी से बचाव में नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
