करनाल, 18 जून।  केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में खंड एवं ग्राम स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मोनिका ने बताया कि ग्राम पंचायतों में सडक़ों, गलियों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों तथा सामुदायिक परिसरों की विशेष सफाई करवाई जा रही है। अभियान के दौरान कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है तथा ग्रामीणों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के खंड समन्वयक पूर्ण चंद सैनी द्वारा अभियान का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। उनके द्वारा ग्राम पंचायतों का नियमित भ्रमण कर सफाई कार्यों की निगरानी की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मोनिका ने बताया कि ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम सचिवों, सफाई कर्मचारियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से यह अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक गांव को स्वच्छता के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण स्थापित किया जा सके।
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मोनिका ने सभी ग्रामवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का रूप दें तथा अपने घर, गली और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ गांव ही स्वस्थ और समृद्ध गांव की पहचान है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *