कुरुक्षेत्र। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार IPS के दिशानिर्देशों एवं पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री राजेंद्र कुमार मीणा IPS जी के मार्गदर्शन में नशे के विरुद्ध निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा नशामुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुरुक्षेत्र में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन गिरधारी लाल शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में चार जिलों के स्वयं सेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है तथा युवा पीढ़ी को इससे दूर रहकर अपने जीवन के लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। डॉ. वर्मा ने कहा कि नशा भावी पीढ़ियों के लिए अभिशाप है और इसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों और परिवारजनों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने बताया कि नशा तस्करी, अवैध बिक्री अथवा मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933, NCB MANAS पोर्टल अथवा हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई तथा सभी ने नशे के विरुद्ध जन जागरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
