शाहाबाद, 16 जून। एसडीएम शंभू राठी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 14 जुलाई तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 1 जुलाई 2026 की पात्रता तिथि के आधार पर नई और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जानी है। उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा 14 जुलाई 2026 तक किए जाने वाले घर-घर सत्यापन कार्य की निरंतर निगरानी करें, ताकि कोई भी योग्य नागरिक लोकतंत्र के इस महापर्व में सहभागी बनने से वंचित न रहे।
एसडीएम शंभू राठी ने मंगलवार को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर ) अभियान के तहत बूथ नंबर 188 गांव अधोनी व 185 बीबीपुर सहिदान का निरीक्षण किया। इस दौरान नागरिकों से बातचीत की और बीएलओ से उनके कार्य के बारे में बातचीत की। इस दौरान एसडीएम शंभू राठी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम शंभू राठी ने कहा कि फॉर्म भरने की प्रक्रिया को अत्यंत व्यवस्थित रखा जाए और प्रतिदिन वितरित होने वाले फॉम्र्स की शाम के समय नियमित ट्रैकिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित डेटा को डैशबोर्ड पर निरंतर अपडेट किया जाए और कंट्रोल रूम के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच की जाए। उन्होंने फैमिली मैपिंग और तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही और यदि किसी कर्मचारी को तकनीकी प्रशिक्षण की आवश्यकता है, तो उसे दोबारा प्रशिक्षित किया जाए ताकि आपसी तालमेल से कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।
एसडीएम शंभू राठी ने सभी नोडल अधिकारियों का निर्देश दिए कि वे फील्ड में जाकर बीएलओ के कार्यों की लगातार चेकिंग करें और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लें। उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि जब बीएलओ उनके घर सत्यापन के लिए पहुंचें तो उन्हें सही जानकारी उपलब्ध कराकर प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है और इसे तैयार करना हम सभी का साझा उत्तरदायित्व है।
