शाहाबाद, 16 जून। हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन सुभाष कलसाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर कार्य कर रही हैं तथा आने वाले वर्षों में भारत विश्व के अग्रणी देशों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
चेयरमैन सुभाष कलसाना मंगलवार को रेस्ट हाउस में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरकारी नीतियों व जनकल्याणकारी योजनाओं पर जन कल्याण शिविर में बोल रहे थे। उन्होंने रिबन काटकर व दीप प्रज्वलित शिविर का उद्घाटन किया। चेयरमैन सुभाष कलसाना ने प्रशासन के डीएफएससी, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग, बागवनी विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, वीटा, कृषि एवं कल्याण विभाग, बिजली विभाग, आयुष, जिला समाज कल्याण विभाग और क्रिड की योजनाओं की जानकारी ली।
चेयरमैन सुभाष कलसाना ने कहा कि वर्ष 2014 में जब नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभाली थी, तब उन्होंने देशवासियों से आर्थिक विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करने का संकल्प लिया था। पिछले 12 वर्षों में इन सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिनका परिणाम आज पूरे देश के सामने है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत विश्व की अर्थव्यवस्थाओं में 11वें स्थान पर था, जबकि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, मजबूत आर्थिक नीतियों और देशवासियों के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। पहले देश अपनी रक्षा आवश्यकताओं के लिए बड़े पैमाने पर विदेशों पर निर्भर था, लेकिन आज मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत भारत रक्षा उपकरणों और सैन्य तकनीक के निर्माण में आत्मनिर्भर बन रहा है। देश में निर्मित रक्षा उपकरणों का निर्यात भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे भारत की वैश्विक पहचान और मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस मौके पर नपा सचिव बंबूल सिंह मलिक, मंडल अध्यक्ष सुपाŸव जैन, रवि खेड़ा, बलदेव राज सेठी, पार्षद दीपक आनंद, अनिल गोलपुरा, प्रदीप सपरा, दर्शन राणा, अधिवक्ता मनदीप रावा, जतिन पोपली, एसपी तंवर, पार्षद अमृत लाल, सरपंच नरेंद्र बड़ाम, श्याम रावत, तिलक राज नलवी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *