करनाल, 13 जून : शौर्य, साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में जागो जगाओ यूनिवर्सल ट्रस्ट द्वारा जिला नागरिक अस्पताल करनाल में 9वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानवता सेवा की मिसाल कायम की। इस अवसर पर ट्रस्ट के संयोजक रणधीर सिंह ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शौर्य, साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप के आदर्श हमें राष्ट्रहित और समाज हित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जुड़ना चाहिए। वहीं जिला नागरिक अस्पताल करनाल ब्लड बैंक के इंचार्ज डॉ. संजय वर्मा ने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ती है तथा रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। ऐसे में प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। समाज सेवा के ऐसे कार्य लोगों में मानवता, सहयोग और परोपकार की भावना को मजबूत करते हैं। शिविर के दौरान रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने जिला नागरिक अस्पताल करनाल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. संजय वर्मा, चिकित्सा टीम, रक्तदाताओं एवं सहयोगी समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इस अवसर पर विमल चौहान, कमल राणा, बंसीलाल पांचाल, रामकुमार, अजय शर्मा, हंसराज कश्यप, मुकेश, नवीन पाल, गगन पुंडीर सहित बड़ी संख्या में युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *