करनाल, 13 जून। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि भावी पीढिय़ों के लिए बेहतर और सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने के लिए अधिकाधिक संख्या में पौधे लगाना जरूरी है। पेड़ हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं। पौधारोपण के बाद उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है।
श्री कल्याण आज घरौंडा क्षेत्र के गांव शेखपुरा खालसा में केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष और अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण किया। करीब 150 फलदार व छायादार पौधे लगाए गए। श्री कल्याण ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए पौधारोपण जरूरी है। केंद्र सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उद्देश्य भी मां और मातृभूमि के प्रति सम्मान प्रकट करना है। जिस प्रकार मां बच्चे का पालन -पोषण करके उसे बड़ा करती है, उसी प्रकार हमें पौधों की भी देखभाल करनी चाहिए। वृक्ष का रूप लेने पर ये पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध कराते हैं जिससे स्वास्थ्य ठीक रहता है। पेड़-पौधे पर्यावरण को शुद्ध बनाए रखते हैं। कोरोना काल में पेड़ों की कमी के महत्व को समझा जा सकता है जब ऑक्सीजन के लिए फैक्ट्रियों से सिलेंडर मंगवाने पड़े थे।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में देश ने काफी तरक्की की है। यह व्यवस्था परिवर्तन का ही नतीजा है कि आज बुजुर्गों के खाते में पेंशन राशि सीधे पहुंच रही है। विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए बनाई गई योजनाओं से सरकार की मंशा जाहिर होती है। राष्ट्र मजबूती से आगे बढ़ रहा है। दुनिया में भारत की साख बढ़ी है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी मिल रही है। गांवों में दौरे के समय 5 से 20 युवाओं को नौकरी मिलने की बात सुनने को मिलती है। क्षेत्र के गांव कोहंड में अब तक 119 युवाओं को मेरिट पर नौकरी मिल चुकी है। इसी कारण आज युवाओं का रुझान पढ़ाई की ओर बढ़ा है।
श्री कल्याण में कहा कि कोरोना काल में विकास की गति जरूर प्रभावित हुई लेकिन अब बचे हुए कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। अराईपुरा में एनसीसी अकादमी, कुटैल में मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना जैसे प्रोजेक्ट युवाओं के उज्जवल भविष्य में कारगर साबित होंगे। यूनिवर्सिटी चालू होने के बाद यहां सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनेंगे जिससे न केवल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी बल्कि नौजवानों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने लोगों से इलाके की तरक्की के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
इससे पहले घरौंडा के एसडीएम राजेश कुमार सोनी, वन मंडल अधिकारी नवल किशोर, डीएसपी मनोज कुमार, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़ और नायब तहसीलदार अरविंद यादव ने भी पौधारोपण किया। सरपंच हंसवीर घणघस ने कार्यक्रम में पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस मौके पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, पूर्व चेयरमैन कुलदीप सिंह, पुरुषोत्तम सेठी आदि मौजूद रहे।
