करनाल, 12 जून। ब्रह्मलीन बाबा बंसी वाले जी महाराज की दिव्य प्रेरणा से गर्ग राइस मिल्स एवं गर्ग फाइन फूड्स द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कथा यजमान के रूप में अनिता गर्ग, रमेश गर्ग, नेहा गर्ग, निलेश गर्ग, बृजभूषण गर्ग, मधु गर्ग, घनश्याम दास गर्ग, सरबती देवी गर्ग, राहुल गर्ग, स्वाति गर्ग, सचिन गर्ग, सृष्टि गर्ग, रजत गर्ग एवं आयुषी गर्ग ने पूजन-अर्चन कर कथा का पुण्य लाभ प्राप्त किया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की मनमोहक एवं भव्य झांकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण का प्रसंग आया, पूरा कथा स्थल नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की तथा जय श्रीकृष्ण के जयघोषों से गूंज उठा। श्री ब्रज सेवा संस्थान वृंदावन के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रख्यात कथाव्यास आचार्य श्री रविन्द्र कृष्ण जी महाराज ने कथा श्रवण कराते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार केवल अधर्म के नाश के लिए ही नहीं, बल्कि मानवता को प्रेम, करुणा और धर्म का मार्ग दिखाने के लिए हुआ था। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने जीवन में भगवान के प्रति श्रद्धा और समर्पण का भाव रखता है, उसका जीवन स्वतः ही सुख, शांति और आनंद से भर जाता है। भगवान के चरणों में समर्पण ही जीवन का सच्चा सुख है। कथा के दौरान प्रस्तुत की गई श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बाल गोपाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे तथा पुष्प वर्षा और जयकारों के बीच जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया। इस अवसर पर कथा में पहुंचे विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों एवं समाजसेवियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने इसे सनातन संस्कृति के सम्मान और समाज को धार्मिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास बताया। गर्ग फाइन फूड्स के सीएमडी रमेश गर्ग, निलेश गर्ग, राहुल गर्ग एवं रजत गर्ग ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का यह दिव्य आयोजन श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बन गया है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा समाज में धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का संचार करती है तथा लोगों को भगवान से जोड़ने का कार्य करती है। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कथा में दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक भव्य एवं दिव्य बना दिया। इस अवसर पर उद्योगपति रमेश गर्ग, घनश्यामदास गर्ग, निलेश गर्ग, राहुल गर्ग, गौरव गर्ग, रजत गर्ग, बृजभूषण गर्ग, महेश सिंगला, त्रिलोकी नाथ सिंगला, सुभाष सिंगला, सचिन गर्ग, मोनी, राजकुमार, इंद्रसैन, धनराज, सुरेश, आशुतोष, कौशल, हेमंत, रवि, नितेश जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
