करनाल। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ के मध्य प्रदेश तथा हरियाणा भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया के राजस्थान से राज्यसभा सदस्य के निर्वाचित होने पर पार्टी संगठन में हर्ष का माहौल है। महापौर रेणु बाला गुप्ता और भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने दोनों नेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह निर्विरोध निर्वाचन भाजपा की मजबूत सांगठनिक संरचना, पारदर्शी कार्यशैली और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में पार्टी निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रही है। अनुभवी नेताओं का राज्यसभा में पहुंचना संगठन की नीति और दृष्टि को और मजबूती प्रदान करेगा।
भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने कहा कि दोनों नेताओं का निर्विरोध निर्वाचन दर्शाता है कि भाजपा आज देश की सबसे विश्वसनीय और व्यापक जनाधार वाली राजनीतिक शक्ति बन चुकी है, जहां कार्यकर्ताओं से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक एकजुटता का मजबूत संदेश जाता है।
दोनों नेताओं ने विश्वास जताया कि राज्यसभा में इन वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति राष्ट्रहित, विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी तथा संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
