करनाल, 11 जून। आज जिला नगर योजनाकार की टीम ने पुलिस बल व ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में अर्बन एरिया घरौंडा स्थित कोहण्ड बस स्टैंड के पास सरकारी स्कूल के समीप एक अवैध कालोनी के विरुद्ध तोड़फोड़ की कार्यवाही की गई ।
यह अवैध कालोनी लगभग 1 एकड़ क्षेत्रफल में फैली हुई थी। कार्यवाही के दौरान कालोनी की समस्त कच्ची सड़कों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
जिला नगर योजनाकार, करनाल द्वारा अवैध कालोनियों एवं अवैध निर्माणों के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है। दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध नियमित रूप से एफ.आई.आर. दर्ज कराई जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध कालोनी विकसित करने या अवैध निर्माण करने वालों के साथ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की कोताही बरतने की गुंजाइश नहीं रहेगी।
बाक्स जनता से अपील
जिला नगर योजनाकार, करनाल आम जनता से अपील करता है कि वे डीलरों के झांसे में न आएं। केवल Town & Country Planning Department, Haryana से लाइसेंस प्राप्त वैध कालोनियों में ही प्लॉट खरीदें और मकान बनाएं। सभी डीलरों से भी आह्वान किया कि वे बिना लाइसेंस के कोई भी कालोनी विकसित न करें। लाइसेंस लेकर ही वैध तरीके से कालोनी विकसित करें, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त आवास मिल सके।
अवैध कालोनियों में प्लॉट खरीदने वाले व्यक्तियों को होने वाले किसी भी नुकसान या परेशानी के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार नहीं होगा।
