करनाल, 11 जून। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार के 12 वर्षों के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए 20 जून तक जिला में विशेष प्रचार एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान
13 जून को जिला भर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 16 से 18 जून को तक जिला स्तर पर व उपमंडल स्तरों पर जन कल्याण शिविर लगाए जाएंगे। जिनके माध्यम से आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल बनाते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में बैठक के दौरान इस विशेष अभियान के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से संबंधित प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा योजनाओं के लाभार्थियों का आंकड़ा तत्काल उपलब्ध करवाएं, ताकि यह जानकारी विभिन्न माध्यमों से जनता तक पहुंचाई जा सके।
उन्होंने कहा कि विशेष प्रचार अभियान के तहत केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा कृषि विभाग, बागवानी विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संयुक्त प्राकृतिक खेती पर व्याख्यान आयोजित किया जाएगा। साथ ही पशुपालन विभाग द्वारा पशु मेला लगाया जाएगा। जिसमें विभाग की नवीनतम उपलब्धियों, पशुओं के रखरखाव तथा टीकाकरण की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे। इस दौरान 12 व 16 जून को जिला स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा।
बैठक में एडीसी डा. राहुल रईया, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा, संबंधित सभी एसडीएम वीसी के माध्यम से, सीईओ जिला परिषद अमित,डीडीपीओ कंचन लता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
