कुरुक्षेत्र, 11 जून। मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डा. यशपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाडवा विधानसभा के हर छोटे से छोटे प्रोजेक्ट को लेकर काफी गंभीर हैं। सभी विभागों के अध्यक्ष अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रोजेक्टों की प्रगति रिपोर्ट को तैयार रखें। किस प्रोजेक्ट की फाइल किस स्तर पर है, उसका पहरा देकर उसको निकलवाना भी अधिकारी का ही कार्य है। इसके लिए उपायुक्त व अपने विभाग के आलाधिकारियों से बातचीत व हेड कार्यालय की विजिट भी करना सुनिश्चित करें, पर किसी भी प्रोजेक्ट को लंबे समय तक एक स्थान पर न रुकने दें।
उप प्रधान सचिव डा. यशपाल वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित लाडवा विधानसभा के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस बैठक में उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी भी मौजूद रहे। उन्होंने बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उप प्रधान सचिव डा. यशपाल ने कहा कि लाडवा के एसडीएम कॉम्प्लेक्स का कार्य 22 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस कार्य को निर्धारित समय पर पूरा किया। इसी तरह लाडवा में डा. बीआर अंबेडकर भवन और कम्यूनिटी सेंटर का कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया को पूरा करके आगे की कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका लाडवा की बिल्डिंग की कागजी कार्रवाई को पूरा करके टेंडर प्रक्रिया को शुरू किया जाए। गांव बनी में सोलर बेस पंप के साथ ओवरफ्लो पानी के प्रयोग करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके साथ ही गांव गुढ़ा, गुढी, बकाली, बडाचपुर, छपरा, खेडी दबदलान, बरोट और ध्यांग्ला गांव में भी सोलर बेस पंप के साथ ओवरफ्लो पानी के प्रयोग करने की योजना को स्थापित किया जाए।
उप प्रधान सचिव डा. यशपाल ने कहा कि राक्षी नदी के कार्य में तेजी लाते हुए प्रोजेक्ट को पूरा किया जाए। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लाडवा विधानसभा के 43 गांवों में नई एसी या पीवीसी पाइपलाइन को डालने के कार्य को तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पीने के पानी की पाइप लाइन की सफाई के लिए गांव डंगाली, बीड कालवा, धनानी, गुढ़ी, बकाली, जोगी माजरा के प्रोजेक्ट को पूरा किया जाए। लाडवा शहर में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के निर्माण कार्य का जल्द टेंडर लगाकर काम को शुरू करवाया जाए। उन्होंने जिला राजस्व अधिकारी को रेवेन्यू ट्रेनिंग सेंटर उमरी के लिए ड्राफ्ट तैयार करने के लिए निर्देश दिए। इसी तरह रामशरण माजरा के राजकीय कॉलेज की भूमि ट्रांसफर कार्य भी जल्द ही किया जाए। उपप्रधान सचिव डा. यशपाल ने अधिकारियों से विधानसभा की विभिन्न सडक़ों, आईटीआई, 50 बैड के अस्पताल सहित अन्य प्रोजेक्टों पर विस्तार से चर्चा की।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्य की रिपोर्ट 3 दिन में पेश करेंगे। आपके आदेशानुसार इस दौरान सभी कमियों व खामियों को पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हर कार्य की लगातार रिपोर्ट लेते हैं। कुछ अधिकारी आज की बैठक में भी वहीं पुरानी रिपोर्ट के साथ हैं। उनके प्रोजेक्ट आज भी कई महीने पहले की स्थिति पर ही खड़े हैं। इस बात को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहन नहीं करेंगे।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य, मुख्यमंत्री के ओएसडी राकेश संधू, एसडीएम अनुभव मेहता, एसडीएम अमन कुमार, जिला परिषद सीईओ वीरेंद्र चौधरी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *