करनाल, 10 जून।  करनाल विधानसभा क्षेत्र-21 में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर एसडीएम देवेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में पंचायत भवन में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और सुपरवाइजरों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर संजय कुमार और सुरेश कुमार सिंहमार द्वारा दो सत्रों में बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी बारीकियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने में बीएलओ और सुपरवाइजरों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम भारत निर्वाचन आयोग का एक बेहद महत्वपूर्ण अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों को अधिक सटीक, अद्यतन (अपडेटेड) एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे निर्वाचन आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन करें और प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को धरातल पर पूरी निष्ठा के साथ लागू करें।

एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने बताया कि आज दो दिवसीय ट्रेनिंग का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ट्रेनिंग के दौरान करनाल विधानसभा क्षेत्र के सभी 234 बूथों के बीएलओ और 26 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम को पूरी गंभीरता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए इससे जुड़े सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को 14 जून से 16 जुलाई तक उनके मूल विभागों से कार्यमुक्त किया गया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *