करनाल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को कल्पना चावला राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर में जिला प्रशासन, आयुष विभाग एवं केसीजीएमसी के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ा दिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि कविंद्र राणा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, विद्यार्थी एवं योग साधक शामिल हुए। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर “योग से निरोग जीवन” का संदेश दिया।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और आत्मा को ऊर्जावान बनाती है। उन्होंने “योग युक्त – नशा मुक्त हरियाणा” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने जन मानस से योग से स्वास्थ्य, स्वास्थ्य से समृद्धि” के मंत्र के साथ जन-जागरूकता का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान वातावरण पूरी तरह योगमय और उत्साहपूर्ण रहा। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास कर मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व को आत्मसात किया।
‘करें योग, रहें निरोग’ का संकल्प
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें। कार्यक्रम का समापन “करें योग, रहें निरोग” एवं “योग से स्वास्थ्य, स्वास्थ्य से समृद्धि” जैसे प्रेरक संदेशों के साथ हुआ, जिसने सभी को निरंतर योग के प्रति प्रेरित किया।
