करनाल, 10 जून। 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग हरियाणा, हरियाणा योग आयोग तथा कल्पना चावला राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को महाविद्यालय परिसर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महापौर रेनू बाला गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर व सांसद एवं केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि कविंद्र राणा ने विशिष्ट अतिथि के रूप मेें शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह और योग साधकों को संबोधित करते हुए महापौर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन शैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास हमें तनाव मुक्त, ऊर्जावान व निरोगी जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री देश के चहुंमुखी विकास के साथ-साथ जनमानस को स्वस्थ रखने के लिए भी भरसक प्रयास कर रहे हैं। आज योग के माध्यम से भारत पूरे विश्व को शांति और कल्याण का संदेश दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दृढ़ संकल्प है कि वर्ष २०४७ तक भारत एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनकर उभरे, जिसमें देश का हर नागरिक स्वस्थ और सशक्त हो।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का सपना था कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ रहे। इसी सोच के साथ हरियाणा में योगशालाओं की स्थापना की गई, ताकि योग हर घर तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि योग हमें आपस में जोड़ता है और प्रेम, सौहार्द तथा शांति का संदेश देता है। योग युक्त नशा मुक्त संकल्प को साकार करने के लिए आज योग को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
महापौर रेनू बाला गुप्ता ने सभी से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिन के उत्सव तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक व्यवहार में लाएं और जीवन की निरंतरता को ऊर्जावान बनाए रखें। उन्होंने कहा कि स्वयं भी स्वस्थ रहें और दूसरों को भी स्वस्थ रहने के लिए योग से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
समारोह में भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर ने करनाल वासियों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया और जीवन में योग की उपयोगिता को विस्तार से समझाया। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि कविंदर राणा ने योग की महत्ता की व्याख्या करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में पिरोने का विज्ञान है। आधुनिक जीवन के तनाव और भागदौड़ के बीच योग ही आंतरिक शांति और ऊर्जा का एकमात्र साधन है।
आयुष विभाग के योग विशेषज्ञ तथा हरियाणा योग आयोग के नोडल अधिकारी डॉक्टर अमित पुंज द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण का यह मुख्य अभ्यास अत्यंत सरल, वैज्ञानिक और प्रभावी ढंग से कराया गया। उनकी देखरेख में इस विशाल शिविर में उपस्थित ३५० से अधिक प्रतिभागियों (साधकों) ने सामूहिक रूप से विभिन्न योग विधाओं का अभ्यास किया। मंच पर योग आसनों का सजीव और त्रुटिहीन प्रदर्शन करने में उनके साथ योग सहायक रीटा, योग सहायक सोनू पाल, बलजीत और कुसुम रानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर के सफल समापन के पश्चात परिसर से योग जागरण यात्रा निकाली गई। नोडल अधिकारी डॉ अमित पुंज ने बताया कि योग को जन-जन तक पहुँचाना और हर नागरिक को स्वास्थ्य के प्रति सचेत करना ही इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है। इस योग जागरण यात्रा में हमारा मिशन स्वस्थ भारत संस्थान से नवीन संदूजा और उनकी पूरी टीम ने बढ़-चढक़र भाग लिया। यात्रा में आयुष विभाग के सभी अधिकारी, कर्मचारी, योग सहायक, योग इंस्ट्रक्टर तथा कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सभी अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने पूरी ऊर्जा के साथ हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण करो योग रहो निरोग, योग युक्त हरियाणा, नशा मुक्त हरियाणा तथा योग युक्त, रोग मुक्त जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
आगामी कार्यक्रम
आयुष विभाग करनाल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नितिन रोहिला ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए विशेष जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ११ जून को जिला कारागार करनाल, बाल भवन तथा जिला के सभी ब्लॉकों में ब्लॉक स्तर पर विशाल योग प्रोटोकॉल शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाले इन विशेष शिविरों में सभी सरपंचों, पंचों, ग्राम वासियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए योग अभ्यास की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि योग का यह संदेश ग्रामीण अंचल और प्रशासनिक स्तर पर हर व्यक्ति तक पहुँच सके।
