करनाल, 10 जून। 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग हरियाणा, हरियाणा योग आयोग तथा कल्पना चावला राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को महाविद्यालय परिसर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर रेनू बाला गुप्ता ने शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, सांसद एवं केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि कविंद्र राणा भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर महापौर ने योग जागरण यात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह और योग साधकों को संबोधित करते हुए महापौर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन शैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास हमें तनाव मुक्त, ऊर्जावान व निरोगी जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री देश के चहुंमुखी विकास के साथ-साथ जनमानस को स्वस्थ रखने के लिए भी भरसक प्रयास कर रहे हैं। आज योग के माध्यम से भारत पूरे विश्व को शांति और कल्याण का संदेश दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दृढ़ संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनकर उभरे, जिसमें देश का हर नागरिक स्वस्थ और सशक्त हो।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का सपना था कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ रहे। इसी सोच के साथ हरियाणा में योगशालाओं की स्थापना की गई, ताकि योग हर घर तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि योग हमें आपस में जोड़ता है और प्रेम, सौहार्द तथा शांति का संदेश देता है। योग युक्त नशा मुक्त संकल्प को साकार करने के लिए आज योग को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
महापौर रेनू बाला गुप्ता ने सभी से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिन के उत्सव तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक व्यवहार में लाएं और जीवन की निरंतरता को ऊर्जावान बनाए रखें। उन्होंने कहा कि स्वयं भी स्वस्थ रहें और दूसरों को भी स्वस्थ रहने के लिए योग से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग और हरियाणा योग आयोग के योग विशेषज्ञों की देखरेख में डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों, अधिकारियों और शहरवासियों ने सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।
