फरीदाबाद। अहमदाबाद में हुई प्रथम विश्व योग चैंपियनशिप में योगासन की नई गोल्डन गर्ल पूरी दुनिया के सामने निकलकर सामने आई। फरीदाबाद के राजीव नगर की रहने वाली मनीषा ने विश्व योगासन प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए यह पदक आर्टिस्टिक ग्रुप योगासन और आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धा में हासिल किए। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। प्रतियोगिता में 78 देशों के 500 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
स्कूल से ही योग की शुरुआत
इस समय बीएसएफ में नियुक्त मनीषा ने बताया कि उन्होंने योग की शुरुआत सराय ख्वाजा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने योगिराज कृष्ण अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया। अग्रवाल कालेज बल्लभगढ़ में अध्ययन के दौरान योगासन खेल में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।
मनीषा ने इससे पहले खेलों इंडिया और नेशनल गेम्स में भी पदक जीता था। नेशनल गेम्स में पदक जीतने के बाद मनीषा का चयन आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल) में स्पोर्ट्स कोटा के अंतर्गत कांस्टेबल पद पर हुआ। अभी वह पंचकूला में तैनात है।
सीमित संसाधनों के बीच आगे बढ़ती रही मनीषा
फैक्ट्री में काम करने वाले नारायण गिरी ने बताया कि उनके घर के सामने योग अकादमी थी। स्कूल में याेग करने के साथ मनीषा वहां पर भी जाने लगी। जिससे वह धीरे धीरे पूरी तरह परिपूर्ण हो गई। शुरुआत में तो अपने खर्च से योग प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जाना पड़ता था। लेकिन सीमित संसाधनों के बीच मनीषा आगे बढ़ती गई।
मनीषा ने बताया कि वह आगे भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करके पदक जीतने का प्रयास करेगा। फरीदाबाद योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव अंकुर एवं सचिव श्याम कुमार ने मनीषा गिरी को इस उपलब्धि बधाई देते हुए कहा कि वापस आने पर उसका जोरदार स्वागत किया जाएगा।
