पानीपत। दुष्कर्म पीड़िता 15 वर्षीय किशोरी ने मंगलवार सुबह नागरिक अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। जिला बाल कल्याण समिति की देखरेख में किशोरी का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस इस मामले में आरोपित को जेल भेज चुकी है। जिला बाल कल्याण समिति के चेयरमैन केदार कौशिक ने बताया कि किशोरी को सोमवार शाम को अस्पताल में भर्ती करवाया था। मंगलवार सुबह किशोरी ने बच्चे को जन्म दिया है। डाक्टरों ने किशोरी व नवजात का स्वास्थ्य भी ठीक बताया है।
किशोरी की मां ने करीब सप्ताह पहले थाना तहसील कैंप में केस दर्ज करवाया था कि उनकी बेटी के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। बेटी के पेट में दर्द हुआ तो वह उसे उपचार के लिए अस्पताल में लेकर गई। जहां जांच के बाद डाक्टरों ने बेटी को गर्भवती बताया। पुलिस ने मामले में आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
