करनाल 09 जून,         माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों तथा आवासन एवं शहरी मामले मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना में नगर निगम करनाल द्वारा 07 जून से 12 जून 2026 तक निगम क्षेत्र में सप्ताहव्यापी जन-जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण को प्रोत्साहित करना तथा व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल शहर का निर्माण करना है।
अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार ने बताया कि अभियान के तहत मंगलवार को वार्ड नंबर-19 के राम नगर क्षेत्र में वार्ड समिति सदस्यों, स्थानीय नागरिकों एवं निगम अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, कचरा पृथक्करण को घर-घर लागू करने तथा नागरिक सहभागिता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान क्षेत्र में पौधारोपण भी किया गया तथा उपस्थित लोगों को पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया गया। इस मौके पर वार्ड 19 के पार्षद राजेश अग्गी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा तथा वार्ड समीति सदस्य मौजूद रहे।
विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर होंगे कार्यक्रम।
अभियान के दौरान निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, रिहायशी क्षेत्रों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक स्थलों, गौशालाओं, नंदीशालाओं तथा सामाजिक संस्थाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान में जनप्रतिनिधियों, वार्ड समितियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा समूहों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 07 जून को गौशाला, नंदीशाला एवं अनाथ आश्रम क्षेत्र तथा 08 जून को सेक्टर-06 क्षेत्र में जन-जागरूकता, स्वच्छता एवं पौधारोपण गतिविधियां आयोजित की गई थी। इसी क्रम में आगामी कार्यक्रमों के तहत 10 जून को वार्ड नंबर-12, 11 जून को वार्ड नंबर-07 तथा 12 जून को पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में जन-जागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
नागरिक सहभागिता से ही बनेगा स्वच्छ और सुंदर शहर।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। उन्होंने वार्ड समिति सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने तथा स्वच्छता नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि वार्ड समितियां स्थानीय स्तर पर स्वच्छता अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से नागरिकों तक स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है तथा लोगों को अभियान से जोडक़र स्थायी व्यवहार परिवर्तन सुनिश्चित किया जा सकता है।
स्वच्छता नियमों की जानकारी देकर किया जा रहा जागरूक।
अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026, कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जिम्मेदार नागरिक व्यवहार से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही लोगों को स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि करनाल को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाने के लक्ष्य को सामूहिक प्रयासों से प्राप्त किया जा सके।
अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें, कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करें, स्वच्छता नियमों का पालन करें तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण कर शहर को स्वच्छ एवं हरित बनाने में अपना योगदान दें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *