करनाल, 9 जून। ब्रह्मलीन बाबा बंसी वाले जी महाराज की दिव्य प्रेरणा से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर भक्ति रस में सराबोर होकर निकले, जबकि पूरे मार्ग में जय बद्रीविशाल और हरि बोल के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धा और आस्था का संगम देखने को मिला। सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को एक विशाल धार्मिक उत्सव का स्वरूप प्रदान कर दिया। यात्रा के पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन गर्ग राइस मिल्स एवं गर्ग फाइन फूड्स द्वारा करवाया जा रहा है। समाजसेवी रमेश गर्ग, निलेश गर्ग, राहुल गर्ग एवं रजत गर्ग ने बताया कि भगवान श्रीहरि की कृपा एवं ब्रह्मलीन बाबा बंसी वाले जी महाराज की प्रेरणा व श्री गीता संस्कृत महाविद्यालय हरिद्वार के साहित्याचार्य आचार्य श्री शिव प्रसाद ढकाल जी के आशीर्वाद से पावन तीर्थ श्री बद्रीनाथ धाम में इस पुण्य आयोजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मानव जीवन को सत्य, सेवा, संस्कार और भक्ति का मार्ग दिखाने वाली दिव्य गंगा है। ऐसे पावन धाम में कथा का आयोजन करना उनके लिए परम सौभाग्य और आध्यात्मिक संतोष का विषय है। कथा के प्रथम दिवस पर श्री ब्रज सेवा संस्थान, वृंदावन के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रख्यात कथाव्यास आचार्य श्री रविन्द्र कृष्ण जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि कलियुग में श्रीमद्भागवत कथा ही मानव जीवन को परम शांति, भक्ति और मोक्ष का मार्ग प्रदान करती है। उन्होंने भगवान की लीलाओं एवं भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्ममय जीवन जीने का संदेश दिया। कथा स्थल पर श्रद्धालु पूरे समय भक्ति रस में डूबे रहे। आयोजन के दौरान निरंतर अमृतमय भंडारे की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उद्योगपति रमेश गर्ग, घनश्यामदास गर्ग, निलेश गर्ग, राहुल गर्ग, गौरव गर्ग, रजत गर्ग, बृजभूषण गर्ग, त्रिलोकी नाथ सिंगला, सुभाष सिंगला, सचिन गर्ग, मोनी, राजकुमार, इंद्रसैन, धनराज, सुरेश, आशुतोष, कौशल, हेमंत, रवि, नितेश जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *