करनाल, 9 जून।  सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी) ने सभी नागरिकों, परिवारों और उद्यमों से देशव्यापी सर्वेक्षणों में पूर्ण सहयोग देने की अपील की है।
सहायक निदेशक श्रेया अग्रवाल ने बताया कि एनएसओ (एफओडी) वर्ष 1950 से निरंतर परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से विश्वसनीय सूचनाएं एकत्र करने का कार्य कर रहा है। इन सूचनाओं का उपयोग राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर महत्वपूर्ण योजनाओं के निर्माण तथा नीतियों के निर्धारण में किया जाता है। विगत दशकों में इस कार्यालय ने देशव्यापी नमूना सर्वेक्षणों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक-आर्थिक मानकों पर एक सुदृढ़ डाटाबेस विकसित कर केंद्र एवं राज्य सरकारों को विकास संबंधी कार्यों में बहुमूल्य सहायता प्रदान की है।
उन्होंने बताया कि एनएसओ के प्रशिक्षित अधिकारियों द्वारा यह जानकारी पूरी तरह डिजिटल माध्यम से एकत्र की जाती है। इसके लिए वे ‘ई-सिग्मा’ सॉफ्टवेयर से युक्त हैंडहेल्ड डिजिटल उपकरणों (टैबलेट) तथा उद्यम सर्वेक्षणों के लिए निर्धारित सुरक्षित वेब पोर्टलों का उपयोग करते हैं। अधिकारी वैज्ञानिक रूप से तैयार की गई नमूना चयन (सैंपलिंग) पद्धतियों के आधार पर चयनित परिवारों, उद्यमों, गांवों और शहरी ब्लॉकों का दौरा करते हैं। घरेलू सर्वेक्षणों में जानकारी परिवार के मुखिया या किसी जानकार सदस्य से ली जाती है, जबकि उद्यम सर्वेक्षणों में अधिकृत व्यक्ति या मालिक द्वारा जानकारी प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि इन सर्वेक्षणों में एकत्र की गई सभी सूचनाएँ पूर्णत: गोपनीय रखी जाती हैं। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले किसी भी परिवार या प्रतिष्ठान की पहचान किसी भी रिपोर्ट या प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाती है। एकत्रित आंकड़ों का उपयोग केवल और केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही होता है। उन्होंने बताया कि जून 2026 माह के दौरान आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस), असंगठित क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई), घरेलू पर्यटन व्यय सर्वेक्षण, राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण, राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण,  कार्यात्मक सहकारी समितियों का त्वरित सर्वेक्षण, वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण (एएसआई) और सेवा क्षेत्र उद्यम का वार्षिक सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके अलावा थोक मूल्य सूचकांक, क्रेता मूल्य सूचकांक, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक तथा निगमित सेवा क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण हेतु चयनित इकाइयों को नोटिस भेजे गए हैं। साथ ही, कार्यशील सहकारी समितियों के त्वरित सर्वेक्षण (अप्रैल-सितंबर, 2026) के अंतर्गत चयनित सहकारी समितियों से भी आंकड़े एकत्र करने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने इन सभी नागरिकों और उद्यमों से अनुरोध किया है कि वे क्षेत्र में आने वाले सर्वेक्षण अधिकारियों को अपना पूरा सहयोग प्रदान करें तथा सही और सटीक जानकारी देने के लिए अपना बहुमूल्य समय दें। सभी नागरिकों की सक्रिय सहभागिता ही राष्ट्र के हित में बेहतर योजना निर्माण और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *