लाडवा, 9 जून। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि कोई भी नागरिक अपनी दिक्कत समस्या के संबंध में सीधे मुख्यमंत्री निवास पर आकर अपनी लिखित शिकायत दे सकता है। उस शिकायत को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संज्ञान में लाकर हल करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री निवास पर शिकायत देने के लिए नागरिकों को किसी कार्यकर्ता या पदाधिकारी की जरुरत नहीं है।
प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी निर्देश पर मुख्यमंत्री निवासी सेक्टर-3, कोठी नंबर 50 में रोजाना सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक नागरिकों की समस्याएं सुनी जाती है। इस दौरान आने वाली सभी समस्याओं को ब्योरा बनाकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संज्ञान में डाला जाता है और उन्हें अधिकारियों को भेजकर हल करवाया जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी लगातार लाडवा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेती हैं। इस दौरान विधानसभा के नागरिकों की समस्याएं भी सुनी जाती है।
प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को प्रदेशभर की व्यवस्था देखनी होती है। इस व्यस्तता के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समय निकालकर लाडवा विधानसभा क्षेत्र की विजिट करते हैं। इसके साथ ही अधिकतर गांवों का दौरा भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि लाडवा विधानसभा के सभी गांवों और शहरी क्षेत्र में विकास कार्य चले हुए हैं। कुछ कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि अधिकतर का काम चल रहा है। इन कार्यों के पूरा होने के बाद विधानसभा प्रदेशभर में अपनी अलग ही पहचान बनाएगी। उन्होंने नागरिकों से बिना संकोच के अपनी समस्याएं लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय में पहुंचने सुनाने की अपील की।
