कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में योग विभाग की प्रोफेसर डॉ. शीलत सिंगला से योग दिवस से संबंधित प्रस्तावित कार्यक्रमों एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली गई। कुलपति प्रो. धीमान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को प्रत्येक वर्ष भव्य एवं गरिमामय तरीके से मनाया जाता है। इसलिए इस वर्ष भी कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। योग दिवस के अवसर पर योग प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी प्रकार की चूक न रहे, इसके लिए अभी से नियमित रिहर्सल शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी माध्यम है।
बैठक के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, हरित वातावरण को और बेहतर बनाने तथा पौधों की सुंदरता एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी संबंधित कर्मचारियों को दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर परिसर विश्वविद्यालय की पहचान होता है और योग दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं उत्कृष्ट स्तर की होनी चाहिए। कुलपति ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
कुलसचिव डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करेगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योग दिवस को यादगार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर आयुर्वेद अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान के प्राचार्य प्रो. आशीष मेहता, प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह तोमर, आयुर्वेदिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. राजा सिंगला, आरएंडआई की निदेशक प्रो. दीप्ति पराशर, उप कुलसचिव विकास शर्मा, अतुल गोयल, प्रो. विदुषी त्यागी, डॉ. मनीषा खत्री, डॉ. नेहा लांबा, डॉ. रजनीश सिंह, डॉ. सत्येंद्र कुमार, डॉ. आशीष नांदल, डॉ. मोहित शर्मा, डॉ. पीयूष चौधरी, डॉ. लशिथा, डॉ. विवेक राणा, डॉ. जोरावर सिंह, डॉ. प्रेरणा शर्मा, पवन नांदल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
