कुरुक्षेत्र, 8 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तीर्थ यात्राएं समाज को जोडऩे का महान माध्यम होती हैं। ये यात्राएं हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ती हैं। जब कोई श्रद्धालु तीर्थ स्थानों पर जाता है, तो वह अपने भीतर नई ऊर्जा, प्रेरणा और नई चेतना लेकर लौटता है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सोमवार को कुरुक्षेत्र से सोमनाथ के लिए विशेष ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना कर रहे थे। ट्रेन में 1100 से अधिक श्रद्धालु जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी संतगणों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ब्रह्मसरोवर स्थित श्री सर्वेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 10 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे लम्बे समय तक देश की सेवा करने वाले प्रथम प्रधानमंत्री बन जाएगें। प्रधानमंत्री ने 2014 में देश का नेतृत्व संभाला तब से भारत को नई दिशा देने का कार्य किया है। बुजुर्गों के लिए सोमनाथ की सुखद यात्रा प्रधानमंत्री का आशीर्वाद है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तीर्थ स्थलों के महत्व को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हमारे अनेक तीर्थों का जीर्णोद्धार करवाया है। हम सब श्रीराम मंदिर के उद्घाटन पर्व के साक्षी रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम का दिव्य और भव्य स्वरूप भी सामने आया है, जिससे प्राचीन काशी की गरिमा पुन: जीवित हुई है। उन्होंने कहा कि आज देशभर के तीर्थ स्थलों का विकास, चारधाम परियोजना, प्रसाद योजना और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के माध्यम से भारत अपनी जड़ों से जुड़ रहा है और यह नए भारत का वह कालखंड है, जहां विकास और विरासत साथ-साथ चल रहे हैं।
भगवान शिव केवल भारत के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज विश्व अनेक संकटों का सामना कर रहा है। लेकिन भारत की सनातन संस्कृति हमें संतुलन, करुणा और मानवता का मार्ग दिखाती है। भगवान शिव विनाश के देवता नहीं, बल्कि नवसृजन के देवता हैं। वे हमें सिखाते हैं कि विष को भी धारण करके समाज को अमृत दिया जा सकता है। भगवान महादेव हमें सिखाते हैं कि शक्ति का उपयोग संरक्षण के लिए होना चाहिए, विनाश के लिए नहीं। त्याग, तपस्या और सेवा ही जीवन का वास्तविक मार्ग हैं। इसलिए भगवान शिव केवल भारत के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के प्रेरणास्रोत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सोमनाथ आस्था का वह गीत है जो हमें सिखाता है कि सृजन की शक्ति विनाश से कहीं प्रबल होती है। यह कथन भारत की हजारों वर्षों पुरानी संस्कृति का सार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हरियाणा की धरती से श्रद्धा, आस्था, संस्कृति और सनातन चेतना की एक ऐसी यात्रा का शुभारंभ है, जो हमें भारत की हजारों वर्षों पुरानी आध्यात्मिक विरासत से जोड़ती है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन करते हुए कहा कि उनकी कृपा हरियाणा के हर परिवार, किसान, युवा, माता-बहन तथा समस्त देशवासियों पर बनी रहे। यह यात्रा सुखद, सुरक्षित और फलदायी हो। उन्होंने कहा कि भगवान सोमनाथ का मंदिर बारह ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जाता है।
हमारी आस्था को तलवारों से नहीं जा सकता मिटाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास भारत की धैर्यगाथा का रहा है। यह मंदिर अनेक बार टूटा और लूटा गया। लेकिन हर बार दोगुनी साहस के साथ उठ खड़ा हुआ। इतिहास गवाह है कि जब-जब सोमनाथ पर प्रहार हुआ, तब-तब पूरे देश की आत्मा आहत हुई। लेकिन हर बार राष्ट्र ने यह सिद्ध किया कि हमारी आस्था को तलवारों से नहीं मिटाया जा सकता। उन्होंने कहा कि जब सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण व स्वतंत्र भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का उद्घोष हुआ तब लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने मंदिर निर्माण को राष्ट्रीय निर्माण की पुनर्स्थापना बताया। जिसने राष्ट्र को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश भर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है। यह पर्व जनवरी 2027 तक चलेगा। इस पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जा रही है। इस योजना के तहत हजारों बुजुर्ग श्रद्धालु अब तक देश के विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने अपने अनुभव, संस्कार और परिश्रम से समाज को दिशा दी है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से हम उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी यात्रियों के सुरक्षित और सुखमय भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति आए और हरियाणा को निरंतर विकास के पथ पर आगे बढाए। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व में नई ऊंचाइयों पर लेकर जाए और भगवान हम सभी को राष्ट्र निर्माण में अपना अहम योगदान देने की शक्ति प्रदान करें।
सरकार ने यात्रियों के लिए आने-जाने, रहने और खाने सहित अन्य तमाम प्रबंध किए:सुभाष सुधा
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से लगातार तीर्थ दर्शन के लिए रेलगाडिय़ों को रवाना कर रही है। पहले अध्योध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन के लिए, नांदेड़ में श्री हुजूर साहिब दर्शन के लिए और आज प्रथम ज्योतिर्लिंगम भगवान श्री सोमनाथ दर्शन के लिए रेलगाड़ी रवाना हो रही है। उन्होंने कहा कि जब अयोध्या और नांदेड़ साहिब के दर्शन करने के बाद वापसी में यात्रियों का स्वागत किया तो यात्रियों ने खुशी जाहिर की और मुख्यमंत्री नायब सिंह को श्रवण कुमार की संज्ञा देते हुए अनेक दुआएं दी। उन्होंने कहा कि यात्रियों के लिए सरकार ने आने-जाने, रहने और खाने सहित अन्य तमाम प्रबंध किए हुए हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वो एक-दूसरे का सहयोग करते हुए यात्रा का आनंद लें। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अतिथियों का स्वागत किया।
इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, महंत बंसी पुरी महाराज, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, चेयरमैन गुरनाम सैनी, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, महंत महेशपुरी महाराज, पंडित राजेंद्र पराशर, महंत विष्णुपुरी, पंडित नरेश कुमार, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
