कुरुक्षेत्र, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कुरुक्षेत्र स्थित कला कीर्ति भवन में हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने परिसर में पौधे लगाकर प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लिया। पौधारोपण करते हुए हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने कहा कि आज के आधुनिक और औद्योगिक युग में ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियां हमारे सामने खड़ी हैं। इन समस्याओं का एकमात्र और सबसे प्रभावी समाधान अधिक से अधिक पौधारोपण करना है। जोशी ने बल देते हुए कहा कि पेड़-पौधे धरती का श्रृंगार हैं और इनके बिना मानव जीवन की कल्पना भी असंभव है। उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक को अपने जीवन के विशेष अवसरों जैसे जन्मदिन या विवाह वर्षगांठ पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके बड़े होने तक उसकी देखभाल की जिम्मेदारी उठानी चाहिए। इस दौरान कला परिषद के कार्यालय प्रभारी धर्मपाल गुगलानी, ललित कला समन्वयक सीमा काम्बोज, विकास शर्मा, आकाश, सपना, देवीदत्त, राजेश कुमार सहित समस्त कर्मचारियों ने बेहद उत्साह के साथ भाग लिया। परिसर के विभिन्न हिस्सों में पर्यावरण-अनुकूल पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि सामूहिक रूप से यह शपथ भी ली कि वे इन पौधों को नियमित रूप से पानी देकर इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। महेश जोशी ने कहा कि कला कीर्ति भवन को पूरी तरह से ग्रीन और इको-फ्रेंडली कैंपस बनाने की दिशा में यह एक सराहनीय कदम है। हमारी भारतीय संस्कृति और कला हमेशा से प्रकृति से प्रेरित रही है। हमारे लोक गीतों, शिल्पकला और चित्रकला में पेड़-पौधों और पशु-पक्षियों को विशेष स्थान दिया गया है। इसलिए, कला परिषद का यह नैतिक दायित्व बनता है कि वह कला और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ पर्यावरण चेतना को भी समाज में फैलाए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *