करनाल 5 जून,         विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम करनाल द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महा स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत नेशनल हाईवे-44 स्थित आई.टी.आई. चौक फ्लाईओवर के समीप पौधारोपण किया गया। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कदम वृक्ष का पौधा  रोपित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इसके पश्चात वार्ड 8 के पार्षद संकल्प भंडारी, अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी के अतिरिक्त नारायणा ई टेक्नो विद्यालय की प्रधानाचार्या शिखा अत्री तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को समझने और निभाने का अवसर है। वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन तथा घटता हरित क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। इन चुनौतियों का प्रभावी समाधान अधिक से अधिक पौधारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने में निहित है।
उन्होंने कहा कि एक विकसित और स्वस्थ शहर की पहचान केवल आधुनिक सुविधाओं से नहीं, बल्कि स्वच्छ वातावरण, स्वच्छ सडक़ों और हरित क्षेत्र से भी होती है। नगर निगम करनाल स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार कार्य कर रहा है और नागरिकों की सहभागिता से करनाल को स्वच्छ एवं हरित शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पार्षद संकल्प भंडारी ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि शहर स्वच्छ होगा तो नागरिकों का स्वास्थ्य बेहतर होगा और यदि हरियाली बढ़ेगी तो वायु गुणवत्ता में सुधार होगा। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ पौधारोपण में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा 4 एवं 5 जून को विशेष महा स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। 4 जून को वार्ड नम्बर-4 स्थित कर्ण विहार के बाहर योगा शैड के आसपास तथा 5 जून को वार्ड नम्बर-10 में कालड़ा मार्किट के पास स्थित खाली ग्राउंड में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया, जहां सार्वजनिक स्थलों, सडक़ों तथा आस-पास के क्षेत्रों की साफ-सफाई करवाई गई। इसके साथ-साथ पौधारोपण कर क्षेत्र को हरित बनाने की पहल की गई। पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी आसपास के दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों को सौंपी गई, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रूप से विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी श्रुति मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी संस्थाओं का दायित्व नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहरभर में स्वच्छता एवं पौधारोपण से जुड़े अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना किसी भी अभियान की सफलता संभव नहीं है।
इस मौके पर कनिष्ठï अभियंता संदीप दींगड़ा, सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह, सहायक सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार, ट्रीगर मास्टर गुरदेव सिंह, एसबीएम टीम से सीटीएल निखिल चौखे, एक्सपर्ट अंकित, स्वास्थ्य स्वच्छता निरीक्षक तथा मोटीवेटर टीम मौजूद रही।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *