करनाल : भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए हरियाणा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को राजस्थान तथा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ को मध्य प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किए जाने पर करनाल में खुशी की लहर है। ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता तथा भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया और दोनों वरिष्ठ नेताओं को हार्दिक बधाई दी।
संयुक्त बयान में महापौर रेणु बाला गुप्ता और वरिष्ठ नेता बृज गुप्ता ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने हमेशा कर्मठ और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं व नेताओं को सम्मान दिया है। डॉ. सतीश पूनिया और तरुण चुघ को उच्च सदन का प्रत्याशी बनाना इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने डॉ. सतीश पूनिया की संगठनात्मक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रभारी के रूप में कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। राजस्थान से उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने से न केवल राजस्थान, बल्कि हरियाणा के कार्यकर्ताओं में भी भारी उत्साह है। उनका लंबा राजनीतिक और सामाजिक अनुभव संसद में जनता की आवाज को और बुलंद करेगा। इसी प्रकार तरुण चुघ ने विभिन्न राज्यों में संगठन की मजबूती में अद्वितीय भूमिका निभाई है। उनके मनोनयन से पार्टी का आधार और मजबूत होगा।

लंबे अनुभव का मिलेगा लाभ
पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने दोनों नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनके राज्यसभा में पहुंचने से देश और पार्टी को लंबे सांगठनिक अनुभव का सीधा लाभ मिलेगा। अन्य स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी शीर्ष नेतृत्व के फैसले की सराहना करते हुए दोनों नेताओं की शानदार विजय की अग्रिम शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *