लाडवा, 5 जून। लाडवा विधानसभा के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान यानी एसआईआर के दौरान ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज प्रत्येक मतदाता को एन्यूमरेशन फार्म भरना जरूरी है। संबंधित बीएलओ घर घर जाकर यह फॉर्म उपलब्ध करवाएंगे, जिसे संबंधित मतदाता को भरकर बीएलओ को ही वापिस देना होगा।
एसडीएम अनुभव मेहता शुक्रवार को उपमंडल कार्यालय लाडवा में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि  लाडवा विधानसभा के 1,97,911 वोटरों का 15 जून से 14 जुलाई तक विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) किया जाएगा। इस विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में नागरिक ऑनलाइन व ऑफलाइन प्रक्रिया के माध्यम से हिस्सा ले सकते हैं। इस पुनरीक्षण के लिए बीएलओ जिले के प्रत्येक घर पर जाकर फार्म भरवाएगी। बीएलओ को नागरिक स्वयं फार्म जमा करवाते हैं, राजनैतिक पार्टियों के बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से जमा करवा सकते हैं। एसडीएम ने नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील की। ये कार्य वर्ष 2002 के बाद अब शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि 30 जून तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा 1 जुलाई 2026 से अपना नया वोट बनवा सकते हैं। सभी बीएलओ को विभाग की तरफ से 5 जून से 14 जून तक ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग के बाद 15 जून से 14 जुलाई तक विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। ट्रेनिंग के दौरान बताया जाएगा कि किस वोटर से कौन सा फॉर्म भरवाया जाना है और कैसे भरवाया जाएगा।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि जिनका वोट 2002 में बना हुआ है, उन्हें 2002 वाला डाटा भरना होगा। जिन वोटरों का वोट 2002 के बाद बना है उन्हें अपने परिजनों (माता-पिता, दादा-दादी) का डाटा भरना है। जो वोटर गांव-शहर से बाहर रहते हैं, उनके परिवारजन उनका फार्म भरकर बीएलओ को जमा करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि 21 जुलाई को ड्राफ्ट रोल तैयार होगा, 20 अगस्त तक दावे आपत्ति दे सकते हैं। किसी भी प्रकार के दावे आपत्ति को सबसे पहले आरओ / एसडीएम को दर्ज करवा सकते हैं, संतुष्टि न होने पर डीआरओ/उपायुक्त को, इसके बाद ईओ को आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। इन दावे आपत्तियों को 21 जुलाई से 18 सितंबर तक सुनवाई के बाद निर्णय दिया जाएगा। सुनवाई के बाद 22 सितंबर को अंतिम निर्वाचनवली का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 की वोटर सूची सीईओ हरियाणा और ईसीआई की वेबसाइट से भी डाउनलोड कर सकते हैं। नागरिक किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर भी कॉल कर सकते हैं।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि 14 जून तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। इसी दौरान मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। लाडवा विधानसभा में करीब 28 बूथों पर 1200 से अधिक मतदाता है उनके रेशनलाइजेशन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाडवा विधानसभा में 1 लाख 97 हजार 903 मतदाता में से पुनरीक्षण अभियान के तहत 1 लाख 54 हजार 903 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *