करनाल। अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं बैठक के दौरान देवभूमि ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी घाट पर आयोजित मां गंगा की दिव्य आरती आस्था और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम बन गई। परिषद की अध्यक्ष एवं करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता सहित देशभर से आए महापौरों एवं जनप्रतिनिधियों ने आरती में भाग लेकर राष्ट्र की प्रगति एवं जनकल्याण की मंगलकामना की।
इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा भी उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और हजारों दीपों की अलौकिक ज्योति से पूरा घाट भक्ति भाव से सराबोर हो उठा।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि मां गंगा की आरती भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत प्रतीक है, जो सेवा व सद्भाव का संदेश देती है । सभी अतिथियों ने देवभूमि की इस पावन परंपरा को अविस्मरणीय अनुभव बताया।
