करनाल, 4 जून। उपायुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज यहां जिला अधिकारियों के बोर्ड (बोर्ड ऑफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर) की बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला में विभिन्न विभागों की ओर से कराए जा रहे प्रमुख विकास कार्यों की समीक्षा की गई और इन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सीएम विंडो की लंबित शिकायतों का भी जल्द निपटारा करने के लिए कहा गया। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से जल संचय जन भागीदारी अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कहा।
बैठक में उपायुक्त ने पीएनडीटी एक्ट के तहत मारे गए छापों की बारे में जानकारी ली और निर्देश दिए कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने और घटते लिंगानुपात में सुधार लाने के लिए महीने में कम से कम एक छापा जरूर मारा जाए। कम लिंगानुपात वाले क्षेत्रों और जिन दंपतियों के पास दो बेटियां हैं वहां विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया ने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि पीएनडीटी एक्ट को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और कहीं भी संदिग्ध मामला नजर आए तो पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दें। डा. आनंद कुमार ने एससी-एसटी एक्ट के तहत लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी भी ली।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से जल संचय जन भागीदारी अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि इस अभियान में चालू वित्त वर्ष में करनाल जिला उत्तरी जॉन में अव्वल 15 जिलों में शामिल होना चाहिए। उत्तरी जॉन में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में यह अभियान भूजल संवर्धन, जल संचयन और जल सुरक्षा के लिए आरंभ किया गया है।
बैठक में उपायुक्त ने डीटीओ को यमुना क्षेत्र से आने वाले खनन सामग्री से भरे ओवरलोडिड वाहनों पर शिकंजा कसने के निर्देश देते हुए कहा कि जरूर पड़े तो इसके लिए पुलिस सहायता भी ली जा सकती है। सीमांकन, राजस्व रास्ते, अवैध कब्जे हटवाने आदि मामलों के संबंध में उन्होंने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि वे डीएसपी और तहसीलदारों के साथ हर 15 दिन में बैठक कर इस दिशा में उचित कदम उठाएं। उपायुक्त ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से नालों, नहरों की सफाई, यमुना क्षेत्र में बाढ़ से बचाव के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में जानकारी ली। विभाग के कार्यकारी अभियंता ने कहा कि यमुना क्षेत्र में स्टोन स्टड लगाने का कार्य 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। ड्रेन की सफाई का कार्य जारी है। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी से शहरी क्षेत्र में सीवरेज व नालियों की सफाई, अमृत योजना के तहत कस्बों और महाग्रामों में कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से बताया गया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। जिला में विद्युत आपूर्ति सुचारू है। उपायुक्त ने पीडब्ल्यूडी, महिला एवं बाल विकास, कृषि, वन, मार्केट कमेटी के अधिकारियों से भी विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बारिश के सीजन में जिन सरकारी कार्यालयों के परिसरों और सरकारी भूमि में पौधारोपण किया जाना है, उन विभागों के अधिकारी वन विभाग से संपर्क कर सकते हैं। इंद्री के निर्माणाधीन स्विमिंग पुल का कार्य 30 जून तक पूरा कराने के लिए वहां के एसडीएम को निर्देश दिए। उपायुक्त ने ग्रीष्मावकाश के दौरान स्कूलों में आयोजित किए जा रहे शिविरों, निपुण भारत मिशन, सुपर 100 योजना, जिला में सीनियर सेकंडरी और सेकेंडरी कक्षाओं के परीक्षा परिणाम की जानकारी ली। इसके अलावा सीएम विंडों की लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डा. राहुल रईया, एसपी नरेंद्र बिजरानिया, एसीयूटी सोहम शैलेंद्र, करनाल के एसडीएम देवेंद्र शर्मा, असंध में सुमित सिहाग, इंद्री के डॉ. रमन गुप्ता, सीएमओ पूनम चौधरी, कृषि विभाग के उप निदेशक डा. वजीर सिंह, डीडीपीओ कंचन लता, डीईओ रोहतास वर्मा, एसई नगर निगम पुनीत कुमार, डीटीओ विजय देशवाल, निगम के संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
