करनाल, 2 जून। विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार हर वर्ग के हितों का पूरा ध्यान रख रही है। शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है तथा शिक्षक वर्ग का सम्मान और हितों की रक्षा सदैव प्राथमिकता रही है। प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र को और अधिक सशक्त एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विधायक जगमोहन आनंद गत दिवस अपने कार्यालय में जिला के अध्यापक संघ के सदस्यों से मुलाकात के बाद अपने संबोधन में बोल रहे थे। अध्यापक संघ के सदस्यों ने विधायक से मुलाकात कर हरियाणा सरकार द्वारा उनकी वर्षों पुरानी मांगों के समाधान तथा उनके हित में लिए गए सकारात्मक एवं ऐतिहासिक निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अतिथि अध्यापकों ने अपने विषय से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। विधायक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि उनके हितों एवं शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
