पुलिस महानिरिक्षक अम्बाला मण्डल, अम्बाला छावनी श्री पंकज नैन के नेतृत्व में अम्बाला मण्डल के अंतर्गत आने वाले जिलों में नशे के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान “मैदान 2.0” के तहत पुलिस लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। इस अभियान का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। अभियान शुरु होने के महज चार दिनों के भीतर ही पुलिस ने लगभग 60 लाख रुपये की कीमत की हेरोइन, चूरा पोस्त और चरस बरामद करते हुए कुल 08 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पिछले कुछ वर्षों में गिरफ्तार होकर जमानत पर बाहर आए नशा तस्करों की सूची भी तैयार की गई है, जिन पर अब विशेष निगरानी रखी जाएगी।

ऑपरेशन मैदान 2.0 की समीक्षा को लेकर पुलिस महानिरिक्षक अम्बाला रेंज पंकज नैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस अधीक्षक अम्बाला, कुरुक्षेत्र व यमुनानगर सहित नशा मुक्ति अभियान से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की, बैठक के दौरान पुलिस महानिरिक्षक अम्बाला मण्डल ने स्पष्ट किया कि अभियान की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी । आईजी अम्बाला रेंज ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि रेंज के किसी भी जिले में ऐसा कोई ठिकाना नहीं बचना चाहिए जहां से नशे का कारोबार संचालित हो रहा हो। उन्होंने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि नशा तस्करी से जुड़े हॉटस्पॉट्स की पहचान कर वहां लगातार कार्रवाई की जाए। इसके अलावा पूर्व में गिरफ्तार होकर जमानत पर बाहर आए तस्करों की गतिविधियों का सत्यापन किया जाए, उनसे पूछताछ की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि वे दोबारा नशे के कारोबार में शामिल न हों।

अम्बाला मण्डल में प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 28 मई से शुरू किए गए ऑपरेशन मैदान 2.0 के तहत 31 मई 2026 तक कुल 08 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।  पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान 297 ग्राम 58 मि.ग्राम हेरोइन, 8 ग्राम चरस, 870 ग्राम चूरा पोस्त और 200 लीटर लाहन बरामद किया गया, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।

अभियान के तहत संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों द्वारा केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कर उन्हें चेतावनी दी गई है कि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित अथवा नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई मेडिकल स्टोर नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नशा तस्करों पर प्रभावी निगरानी के लिए अम्बाला मण्डल पुलिस आधुनिक तकनीक का भी सहारा ले रही है। अम्बाला मण्डल के विभिन्न जिलों में लगे सीसीटीवी कैमरों को निगरानी तंत्र से जोड़ा जा रहा है। जल्द ही विभिन्न जिलों की गतिविधियों की मॉनिटरिंग एकीकृत प्रणाली के माध्यम से की जाएगी, जिससे संदिग्ध गतिविधियों और नशा तस्करों की आवाजाही पर पैनी नजर रखी जा सके। अभियान के तहत विभिन्न जिलों में चिन्हित नशा तस्करों के ठिकानों पर लगातार औचक रेड की जा रही हैं। नशा तस्करी के मामलों में पूर्व में संलिप्त आरोपियों के नेटवर्क और संपर्कों की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

पुलिस महानिरिक्षक अम्बाला मण्डल श्री पंकज नैन का ब्यान: –

मैदान 2.0 केवल एक अभियान नहीं बल्कि नशा तस्करों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई है। मैंने अम्बाला मण्डल के तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों सहित सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अम्बाला मण्डल में नशे का एक भी ठिकाना बचना नहीं चाहिए। चाहे वह सक्रिय तस्कर हो या जमानत पर बाहर आया आरोपी, सभी की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी नेटवर्क और निरंतर फील्ड कार्रवाई के माध्यम से नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा। अम्बाला रेंज पुलिस किसी भी कीमत पर युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों को बख्शने वाली नहीं है और आने वाले दिनों में इस अभियान के और भी बड़े परिणाम सामने आएंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *