कुरुक्षेत्र, 2 जून। जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुरुक्षेत्र दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुरुक्षेत्र की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज के दिशा-निर्देशन में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में डीएलएसए के विशेष अभियान धरती की सुंदरता हमारी जिम्मेदारी के अंतर्गत कीर्ति नगर में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
इस अभियान के दौरान स्वच्छता कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र में व्यापक सफाई कार्य किया गया तथा स्थानीय निवासियों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पीएलवी अमनप्रीत ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभाव तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण न केवल अच्छे स्वास्थ्य की आधारशिला है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
सीजेएम एवं सचिव डीएलएसए कुरुक्षेत्र नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण-मुक्त वातावरण के निर्माण में सहभागी बनाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाएं, स्वच्छता बनाए रखें तथा प्रकृति के संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *