कुरुक्षेत्र, 02 जून 2026।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा घोषित जेईई एडवांस 2026 के परिणामों में गुरुकुल कुरुक्षेत्र के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और परिश्रम का शानदार परिचय दिया है। गुरुकुल के कुल 7 छात्रों ने जेईई एडवांस परीक्षा उत्तीर्ण कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। इनमें ऋषभ ने 494वीं रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इसके अतिरिक्त आकाशदीप, मधुरम्, नीरव, अनमोल, प्रतीक एवं श्वेतांक ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जेईई एडवांस में सफलता प्राप्त की।

इस उपलब्धि पर गुरुकुल की प्रबंधक समिति, शिक्षकों एवं अभिभावकों में हर्ष का वातावरण है। गुरुकुल के संरक्षक एवं गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी ने  विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा समस्त गुरुकुल परिवार को इस शानदार सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होनें  विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी विद्यार्थी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान, प्रदेश और राष्ट्र का नाम रोशन करेंगे।

राज्यपालश्री के सपनों को साकार कर रहा है गुरुकुल
गुरुकुल के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि गुरुकुल में स्थापित प्रतियोगी परीक्षा विंग आज राज्यपालश्री आचार्य देवव्रत जी के दूरदर्शी नेतृत्व और संकल्प का साकार रूप बन चुकी है। उन्होंने वर्षों पूर्व यह सपना देखा था कि गुरुकुल के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर देश के श्रेष्ठ इंजीनियर, डॉक्टर, सैन्य अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी बनें।

इसी उद्देश्य से गुरुकुल में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, विशेषज्ञ शिक्षकों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अनुकूल वातावरण की व्यवस्था की गई। आज उसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। प्रतिवर्ष गुरुकुल के विद्यार्थी जेईई मेन, जेईई एडवांस, नीट, एनडीए एवं अन्य राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर रहे हैं।

उत्कृष्ट मार्गदर्शन और समर्पित शिक्षकों का परिणाम
गुरुकुल के प्राचार्य सूबे प्रताप ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण तथा संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं को दिया। उन्होंने कहा कि गुरुकुल का प्रत्येक शिक्षक विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करता है। चाहे आईआईटी विंग हो या एनडीए विंग, विद्यार्थियों की प्रत्येक शंका का समाधान कक्षा के साथ-साथ छात्रावास में भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल प्रबंधक समिति विद्यार्थियों के लिए नवीनतम तकनीक, प्रयोगशालाएं और अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहती है। यही कारण है कि गुरुकुल के विद्यार्थी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

भविष्य में भी जारी रहेगा सफलता का यह सफर
जेईई एडवांस 2026 का यह परिणाम न केवल विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है, बल्कि गुरुकुल की उत्कृष्ट शैक्षिक परंपरा, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन का भी सशक्त उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *