कुरुक्षेत्र। सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र, शीला नगर में 10 दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ वात्सल्य वाटिका कुरुक्षेत्र के संस्थापक स्वामी हरिओम दास परिव्राजक द्वारा किया गया। केंद्र के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि समर कैंप के लिए 75 बच्चों ने पंजीकरण करवाया है। कैंप 10 जून तक चलेगा। दीप प्रज्वलित कर स्वामी हरिओम परिव्राजक ने कैंप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र और महावीर सत्संग सभा कुरुक्षेत्र के सभी सजन उपस्थित रहे। स्वामी हरिओम परिव्राजक ने कहा कि समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल, कला, संगीत, योग एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। कैंप में बच्चों को गायन, वादन, नृत्य आदि की शिक्षा दी जाएगी। इसके अतिरिक्त वेस्टर्न डांस, क्लासिकल डांस, हारमोनियम, गिटार कांगो जैसे वाद्य यंत्रों का प्रशिक्षण और आर्ट एवं क्राफ्ट की ट्रेनिंग भी दी जाएगी। 28 मई तक पंजीकरण कराने वाले बच्चों को शिविर के समापन पर लक्की ड्रा के माध्यम से आकर्षक इनाम दिए जाएंगे। केंद्र की इंजार्च अनु ललित ने बताया कि सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र द्वारा प्रतिवर्ष यह समर कैंप आयोजित किया जाता है, जिसमें बच्चों की कला प्रतिभा को निखारने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यह समर कैंप बच्चों की प्रतिभा को निखारने, उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहन देने और संगीत व कला के प्रति रूचि बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र द्वारा यह आयोजन हर वर्ष सफलतापूर्वक किया जाता है, जिसमें बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों का भी भरपूर सहयोग मिलता है।
