कुरुक्षेत्र, 1 जून। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को लघु सचिवालय स्थित बैठक कक्ष में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन व डीडीपीओ ने क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थान पर सुनवाई एवं निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में संचालित यह पहल प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ सुशासन को भी सुदृढ़ बना रही है।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविर प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से इन शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान एवं बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है।
शिविर के दौरान परिवार पहचान पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बिजली, पेयजल, राजस्व, नगर निकाय तथा अन्य नागरिक सेवाओं से संबंधित 27 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित विभागों द्वारा इन मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए समाधान प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *