लाडवा, 1 जून। एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त लंबित शिकायतों के निपटान में अनावश्यक देरी किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में समाधान शिविर आयोजित करने का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
एसडीएम अनुभव मेहता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें समाधान योग्य हैं, उनके निपटान में किसी प्रकार की देरी न की जाए। जो शिकायतें मांग-आधारित हैं, उनका भी पूर्ण विवरण तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि उन मांगों को पूरा करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों से एक-एक कर लंबित शिकायतों की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि वे समाधान शिविर पोर्टल की नियमित रूप से निगरानी करें और पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध निपटान करते हुए उनकी रिपोर्ट भी समय-समय पर अपडेट करें। प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों की शिकायतों के निपटारे की नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है। हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ द्वारा भी समाधान शिविरों की वीसी के माध्यम से निगरानी की जाती है तथा हर शुक्रवार को शिकायतों के निपटारे की समीक्षा की जा रही है। समाधान शिविरों का आयोजन हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ निपटान किया जाए। प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों की संतुष्टि ही प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी विभागों को जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए।
