मंत्री ने परीक्षा परिणाम को लेकर की प्रशंसा जाहिर, मेरिट में आने वाली छात्राओं को दी बधाई।
करनाल, 28 मई। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बतौर मुख्य अतिथि आर्य कन्या गुरुकुल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मोर माजरा, करनाल में प्रार्थना एवं सांस्कृतिक सभा शेड का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मंत्री ने कक्षा दसवीं व बारहवीं की परीक्षा परिणाम पर खुशी जाहिर की तथा मेरिट में आने वाली छात्राओं व उनके अभिभावकों को बधाई दी। विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में गुरुकुल परिवार, गणमान्य अतिथियों एवं स्थानीय नागरिकों की विशेष उपस्थिति रही। वर्तमान में लगभग 2500 छात्राएं गुरुकुल में रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही हैं।
कार्यक्रम में गुरुकुल के प्रधान सुखबीर सिंह मान (एडवोकेट) ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह शेड छात्राओं के सर्वांगीण विकास, प्रार्थना सभाओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन हेतु अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि गुरुकुल भारतीय संस्कृति, वैदिक शिक्षा एवं आधुनिक शिक्षा के समन्वय के माध्यम से छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु निरंतर कार्यरत है।
उन्होंने मंत्री कृष्ण लाल पंवार को विद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय ने दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में हरियाणा राज्य में पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया है। साथ ही जिला करनाल की शीर्ष 10 मेरिट सूची में से 6 छात्राएं गुरुकुल की रही हैं। यह उपलब्धि सुनकर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गुरुकुल के प्रधान, समस्त स्टाफ एवं छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान की तथा गुरुकुल की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों की सराहना की।
इस अवसर पर गुरुकुल कार्यकारिणी के सचिव ओम प्रकाश मान, कोषाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव बलवान सिंह, सदस्य मेहर सिंह, भगवान सिंह, नरेंद्र तथा अन्य गणमान्य सदस्य कृष्ण ढांडा, दलीप सिंह मान, राज सैनी एवं राम सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
