सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर किया बढ़ाया मान, करनाल जिले का नाम रोशन
करनाल, 28 मई। राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एथलीड स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों ने करनाल जिले का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खुशी का माहौल है। कुरुक्षेत्र में ताइक्वांडो स्पोर्ट्स एसोसिएशन हरियाणा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में एथलीड स्पोर्ट्स एकेडमी के 12 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने हुनर का बेहतरीन परिचय दिया। सिरी गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल की छात्रा कृष्णा ने सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि गर्गी ने शानदार खेल दिखाते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। एथलीड स्पोर्ट्स एकेडमी के संचालक अनमोल ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि बच्चों की मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास का यह शानदार परिणाम है। उन्होंने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य बच्चों को खेलों के माध्यम से आत्मविश्वास और मजबूत भविष्य देना है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में और भी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। संचालिका गरिमा ने भी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों ने पूरे समर्पण के साथ तैयारी की थी, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। उन्होंने कहा कि बच्चों की उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को तैयार करने में प्रशिक्षक विनोद और तन्नु की मेहनत और मार्गदर्शन का अहम योगदान रहा। दोनों प्रशिक्षकों ने बच्चों को ताइक्वांडो और सेल्फ डिफेंस की विशेष ट्रेनिंग देकर प्रतियोगिता के लिए तैयार किया। खिलाड़ियों की जीत पर स्कूल स्टाफ, अभिभावकों और शहरवासियों ने खुशी जताते हुए बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
