फतेहाबाद। विदेश में पढ़ाई के लिए एजुकेशन लोन पास करवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपित हुकूमत राय उर्फ अजय मेहरा निवासी डीएसपी रोड को पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है।

आरोपित ने पीड़ित परिवार से पहले प्रोसेसिंग फीस और अन्य खर्चों के नाम पर रकम ऐंठी, फिर फर्जी दस्तावेज और तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल कर पूरा एजुकेशन लोन हड़प लिया। पुलिस के अनुसार आरोपित लंबे समय से विदेश भेजने और एजुकेशन लोन दिलाने के नाम पर लोगों को जाल में फंसा रहा था।

सिम लेकर बनाया फर्जी ई-मेल, बैंक से पास करवा लिया लोन

इकोनामिक सेल प्रभारी निरीक्षक संदीप ने बताया कि गांव भूथन खुर्द निवासी विनोद कुमार ने शिकायत दी थी कि आरोपित ने उसकी बेटी को विदेश भेजने के लिए 35 लाख रुपये का एजुकेशन लोन मंजूर करवाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान आरोपित ने फाइल प्रोसेसिंग और एडवांस फीस के नाम पर 71 हजार 500 रुपये ले लिए। शिकायत के अनुसार आरोपित ने बार-बार ओटीपी आने का बहाना बनाकर पीड़ित की मोबाइल सिम अपने कब्जे में ले ली।

इसके बाद बैंक अधिकारियों और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पीड़ित की बेटी के नाम से फर्जी ई-मेल आइडी तैयार की गई। इसी आइडी के जरिए क्रेडिला बैंक से एजुकेशन लोन पास करवा लिया गया और पूरी राशि हड़प ली गई।

किस्त कटने पर हुआ खुलासा, धमकी देने का भी आरोप

मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित के खाते से लोन की किस्तें कटनी शुरू हो गईं। पीड़ित परिवार ने जब आरोपित से पैसे और लागिन संबंधी जानकारी मांगी तो आरोपित ने जान से मारने और विदेश भाग जाने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद थाना शहर फतेहाबाद में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *